25 जुलाई 2020 - 13:46
ईरान और चीन के बीच 25 वर्षीय रणनीतिक साझेदारी दुनिया को बदलकर रख देगी, जापानी अख़बार

जापान के निक्की अख़बार की रिपोर्ट के मुताबिक़, चीन दुनिया की उथल-पुथल में ईरान से संबंध मज़बूत बनाने का प्रयास कर रहा है और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी, विश्व ऊर्जा बाज़ार को बदलकर रख देगी।

शनिवार को जापान के इस मशहूर अख़बार ने अपनी एक विशेष रिपोर्ट में ईरान-चीन 25 वर्षीय रणनीतिक साझेदारी का जायज़ा लिया है।

ईरान और चीन व्यापार समेत विभिन्न क्षेत्रों में 25 वर्षीय रणनीतिक साझेदारी को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत कर रहे हैं।

निक्की की रिपोर्ट के मुताबिक़, दोनों देशों के बीच जिन क्षेत्रों में सहयोग पर विचार विमर्श चल रहा है, उनमें से एक ऊर्जा का क्षेत्र है। ईरान, दुनिया में ऊर्जा का एक प्रमुख स्रोत है, जबकि चीन दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, ईरानी तेल की चीन में खपत से तेहरान के ख़िलाफ़ वाशिंगटन के प्रतिबंध नाकाम होकर रह जायेंगे।

ईरान में चीन द्वारा 400 अरब डॉलर निवेश करने के बारे में इस रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन, आईटी और दूरसंचार से लेकर बंदरगाहों के विकास और रेलवे नेटवर्क के विस्तार जैसे क्षेत्रों में सहयोग कर सकता है, जिससे ईरान को बहुत अधिक लाभ होने जा रहा है।

इस तरह की परियोजनाएं दोनों ही देशों के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी, क्योंकि इससे न केवल दोनों देशों के बीच सहयोग में विस्तार होगा, बल्कि अमरीकी प्रतिबंधों का मुक़ाबला करने में आसानी होगी, जिससे दुनिया में एक नई व्यवस्था वजूद में आएगी।

निक्की के मुताबिक़, दोनों देशों के बीच जिन क्षेत्रों में साझेदारी होगी, उनमें सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश है, इसलिए कि आज भी ऊर्जा और तेल की अंतरराष्ट्रीय समीकरणों में निर्णायक भूमिका है।